बुलंदशहर में दिनदहाड़े भाजपा नेता को मारी गोलियां, मौत


यूपी के बुलंदशहर में दिनदहाड़े भाजपा नेता की हत्या कर दी गई। वह बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक से आए दो नकाबपोश हमलावरों ने रोका। जब तक वह कुछ समझ पाते दोनों बदमाशों ने ताबड़तोड़ 4 गोली मारी। दो सीने और दो सिर में लगी। मौके पर उनकी मौत हो गईं। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग गए।

 भाजपा नेता का नाम रामवीर कश्यप (55) था। वह पूर्व प्रधान रहे हैं। बुलंदशहर से मौजूदा भाजपा सांसद भोला सिंह के प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। वारदात सुबह 8 बजे अहमदगढ़ क्षेत्र में हुई। भाजपा नेता की हत्या से हड़कंप मच गया। SSP श्लोक कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।

रामवीर कश्यप डोमला ढकनंगला गांव में रहते थे। शुक्रवार सुबह दो पोतियों को बाइक से स्कूल छोड़ने घर से करीब 3 किलोमीटर दूर प्राथमिक विद्यालय ढोगला हसनगढ़ गए। वहां से लौटते समय घर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले उनकी हत्या कर दी। जिस जगह वारदात हुई वह सुनसान सड़क थी। जब तक आसपास के लोग पहुंचे तब तक हमलावर भाग गए।

 घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग भागते-दौड़ते मौके पर पहुंचे। रामवीर के भाई धर्मवीर ने बताया कि वह रोज दो पोतियों को स्कूल छोड़ने बाइक से जाते थे। अकेले वापस लौटते थे। रामवीर खेतीबाडी करते थे। पत्नी और दो बेटों का परिवार भी गांव में रहता है। दोनों बेटे गाजियाबाद में प्राइवेट नौकरी करते हैं।

 भाई ने बताया- हत्या से पहले बदमाशों ने रेकी की थी। सुबह के समय उस सड़क पर ज्यादा लोग नहीं होते हैं। इसी का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने हत्या की और आराम से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- गोलियों की आवाज सुनाई दी एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- मैं अपनी भैंसा गाड़ी में पंचर लगवाने कस्बे की ओर जा रहा था। तभी मुझे अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। जैसे ही पीछे पलट कर देखा तो पता लगा कि दो लोग पूर्व प्रधान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा रहे हैं। वारदात के बाद बदमाश खेलिया रिवाड़ा गांव की ओर फरार हो गए। सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि कुछ समझ ही नहीं आया।

 घटना के तुरंत बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। कुछ ही देर में पुलिस भी आई और घटनास्थल को सील कर दिया। काफी देर तक पूर्व प्रधान की लाश रोड पर ही पड़ी रही। एसपी देहात रोहित मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की।

 SSP बोले-रंजिश में हत्या का शक 

SSP श्लोक कुमार ने बताया- मामला रंजिश का लग रहा है। खुलासे के लिए 6 टीम लगाई गई हैं। घटनास्थल से भी पुलिस को कुछ सबूत मिले जिनके आधार पर जांच की जा रही है। आसपास लगे CCTV चेक किए जा रहे हैं।

राजनीतिक षड्यंत्र की आशंका 

ग्रामीणों ने बताया- रामवीर कश्यप ग्राम प्रधान के अलावा भाजपा सांसद डॉ भोला सिंह का प्रतिनिधि भी रहे हैं। अगला ग्राम प्रधान चुनाव की तैयारी कर रहे थे। पूर्व प्रधान की हत्या में राजनीतिक षड्यंत्र का भी शक जताया जा रहा है। रामवीर कश्यप एलआईसी में बतौर एजेंट भी काम करते थे।

और नया पुराने
0 पाठक खबर पढ़ रहे

نموذج الاتصال