विधानसभा चुनाव 2022 : अलीगढ़ में मतदान तक ढूंढे नहीं मिलेगा आवारा गोवंश

 

ब्यूरो डेस्क, अलीगढ़

विधानसभा चुनाव 2022 के दस फरवरी को होने वाले मतदान से पूर्व किसानों के लिए समस्या बने आवारा गोवंश ढूंढे नहीं मिलेंगे। सभी को अस्थायी गो आश्रय स्थलों में न केवल आसरा दिया जाएगा, बल्कि चारा एवं पानी से लेकर सर्दी से बचाव के इंतजाम भी होंगे।

किसानों की नाराजगी दूर करने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को अस्थायी गो आश्रय स्थल तैयार करवाकर उनमें निराश्रित गोवंश को रखवाने के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

तमाम गो आश्रय स्थल, गोशालाएं तैयार करने के बावजूद प्रशासन आवारा एवं निराश्रित गोवंश की समस्या को दूर करने में नाकाम रहा है। यह गोवंश तमाम दुर्घटनाओं और जाम का कारण तो बन ही रहे हैं। विशेष रूप से किसानों के लिए लंबे समय से समस्या बने हुए हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद गोवंश फसलों को खराब कर रहा है। इससे जिले के किसानों की हजारों बीघा फसल हर सीजन में नष्ट हो रही है। किसान इस समस्या को लेकर तमाम धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन करने के साथ ही कई बार सरकारी स्कूल, कार्यालय आदि में इन गोवंश को बंद कर आक्रोश जताते रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। गोवंश को लेकर किसानों की नाराजगी मतदान के दौरान वर्तमान सरकार पर भारी न पड़ जाए, इसको लेकर अब तक चुनावी तैयारियों में व्यस्त प्रशासन एकाएक इस समस्या के प्रति गंभीर हो उठा है।

जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने बताया कि आवारा एवं निराश्रित गोवंश की समस्या से निजात दिलाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को पत्र लिखकर मतदान से पूर्व अपने-अपने क्षेत्र के निराश्रित गोवंशों को पकड़वाकर अस्थायी गोशालाओं में रखवाने के आदेश जारी किए हैं। यह भी कहा है कि सभी गोवंश के चारा पानी आदि का भी समुचित इंतजाम किया जाए। इसकी सूचना खंड विकास अधिकारी को भी दी जाए।

और नया पुराने
0 पाठक खबर पढ़ रहे

نموذج الاتصال