अलीगढ़ | कोई संतान न होने पर महिला ने चुराई थी बच्ची, आरोपित भेजी जेल

 

डेस्क समाचार दर्पण लाइव

अलीगढ़ : महिला जिला अस्पताल से नवजात बच्ची को चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। बच्ची को सकुशल बरामद कर स्वजन के सिपुर्द कर दिया गया। आरोपित महिला ने कोई संतान न होने के चलते बच्ची को चोरी किया था। महिला का बैग घटनास्थल पर ही छूट गया था, जिसमें पुलिस को मोबाइल फोन भी मिला। इसी मोबाइल फोन के जरिये पुलिस महिला तक पहुंची।

भुजपुरा निवासी रईस मोहम्मद की पत्नी साकिरा ने रविवार रात महिला अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था। रईस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11 बजे अस्पताल से छुट्टी मिल गई। सलीम की मां अनीशा बच्ची को लेकर वार्ड के बाहर बैठ गईं। साथ में साकिरा भी थी। तभी एक अनजान महिला आकर बातें करने लगीं। महिला ने बातों में लेकर पहले दादी को देवर के बुलाने का हवाला देकर भेज दिया। इसके बाद साकिरा से यह कहकर बच्ची को ले गई कि उसे गरम टोली दिलाकर लाएगी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो अस्पताल के कैमरे खराब मिले। सीओ मोहसिन खान ने बताया कि जिस जगह से बच्ची चोरी हुई थी, वहां एक बैग लावारिस अवस्था में मिला। जानकारी की गई तो बैग आरोपित महिला का निकला। बैग में एंड्राइड मोबाइल फोन था। इसी फोन को ट्रैक करके महिला का पता लगाया गया। महिला भागने की फिराक में थी। पुलिस की तीन टीम इसकी तलाश में लगी थीं। सोमवार रात महिला को बुलंदशहर के अरनिया से गिरफ्तार किया गया।

इंजेक्शन लगवाने आई थी महिला

आरोपित महिला गभाना क्षेत्र के गांव पला सल्लू की रहने वाली है। मूलरूप से मध्यप्रदेश के सागर जिले की रहने वाली है। इसका पति पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है। महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों पहले उसका बच्चा खराब हो गया था। गर्भपात कराना पड़ा। इसीलिए अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने आई थी। इधर, बच्चे की इच्छा में परेशान रहती थी। इसी बीच रईस की बच्ची पर वार्ड में ही नजर पड़ी। झांसा देकर उसे गोद में लिया और मौका पाकर फरार हो गई। सीओ ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

और नया पुराने
0 पाठक खबर पढ़ रहे

نموذج الاتصال