अलीगढ़ में बुखार ने निगल ली युवक की जिंदगी, आठ माह पूर्व हुई थी शादी

 


डेस्क समाचार दर्पण लाइव

अलीगढ़ :- जिले में डेंगू, मलेरिया व बुखार का प्रकोप निरंतर बढ़ रहा है। बुखार से मरीजों की मृत्यु होने की सूचनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोमवार को पिसावा क्षेत्र के गांव महगौरा के 24 वर्षीय युवक की बुखार से जान चली गई। वहीं, डेंगू बच्चों पर भी आफत बनकर टूट रहा है। मंगलवार को डेंगू के नौ नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसमें नवजात समेत छह बच्चे शामिल हैं। इससे विशेषज्ञों की चिंता बढ़ गई है।

डेंगू से युवक की मौत, आठ माह पूर्व हुई थी शादी

गांव महगौरा के आजाद खान को एक सप्ताह से तेज बुखार था। इधर-उधर से उपचार चलाया, लेकिन लाभ नहीं मिला। स्वजन उपचार के लिए दिल्ली ले गए, जहां सोमवार रात उनकी मौत हो गई। आजाद की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक छा गया है। दरअसल, आजाद की आठ माह पूर्व ही शादी हुई थी। वह नोएडा की एक कंपनी में काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और घर आए हुए थे।   

70 पहुंची डेंगू रोगियों की संख्या

मंगलवार को नौ मरीजों की एलाइजा रिपोर्ट (डेंगू की जांच) पाजिटिव आई। इनमें तीन गूलर रोड के हैं। इसमें क्वार्सी का 24 वर्षीय युवक, गूलर रोड से 10 वर्षीय बच्चा, 12 वर्षीय बच्चा व 14 वर्षीय किशोर, लक्ष्मण गढ़ी खैर में 43 वर्षीय व्यक्ति, न्यू राजेंद्र नगर में 50 वर्षीय महिला, पला साहिबाबाद में चार वर्षीय बच्चा, संजय गांधी कालोनी गली नंबर एक में 13 वर्षीय किशोरी व शाहजमाल में दो माह की नवजात को डेंगू की पुष्टि हुई है। इससे जनपद में 70 डेंगू रोगियों की पुष्टि एलाइजा टेस्ट हो चुकी है। रेपिड डायग्नोस्टिक किट से पाजिटव आने वाले मरीजों की संख्या इससे कहीं ज्यादा है। बच्चों के डेंगू पाजिटिव निकलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।

उधर, जिला मलेरिया अधिकारी के अनुसार, मंगलवार को शहर में आठ व देहात में 13 टीमों ने लार्वा रोधी कार्रवाई की। इसमें 1015 घरों का भ्रमण कर 561 कूलर, 1167 कंटेनर एवं अन्य पात्रों को चेक किया गया। 31 में डेंगू का लार्वा पाया गया। सभी पात्रों का पानी खाली करा दिया गया।

इनका कहना है

मच्छरजनित बीमारियों के प्रकोप का समय है। लोग स्वयं तो लापरवाही बरत ही रहे हैं, बच्चों को लेकर भी गंभीर नहीं। जरूरी है कि मच्छरों से बचाव के लिए हर उपाय किया जाए। बच्चों को मच्छरदानी में सुलाएं, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाएं।

- डा. आनंद उपाध्याय, सीएमओ

और नया पुराने
0 पाठक खबर पढ़ रहे

نموذج الاتصال