अलीगढ़ | भाजपा के मंडल अध्यक्ष को पुलिस ने दी थर्ड डिग्री

डेस्क समाचार दर्पण लाइव

अलीगढ़ : अतरौली कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला हर्जी निवासी डिगंबर सिंह भाजपा के मंडल अध्यक्ष है। सोमवार की रात गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। गांव में विवाद होने की सूचना पर जिरौली धूमसिंह पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी गांव पहुंच गए और विवाद कर रहे दोनों पक्षों को पुलिस चौकी ले गए। सूचना पाकर भाजपा के मंडल अध्यक्ष डिगंबर सिंह दोनों पक्षों को छुड़ाने के लिए पुलिस चौकी पहुंच गए।

ये लगाए आरोप

आरोप है कि मंडल अध्यक्ष के द्वारा पुलिस चौकी पर अपना परिचय देने पर पुलिस ने उनके साथ गाली गलौज कर डाली और पुलिस चौकी के अंदर खींच ले गए। जहां दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों ने मंडल अध्यक्ष को लाठी-डंडों से मारते हुए थर्ड डिग्री दे डाली। काफी देर तक मंडल अध्यक्ष की पिटाई करने के बाद पुलिसकर्मी उन्हें अतरौली कोतवाली छोड़ गए। जहां उन्हें हवालात में बंद कर दिया गया। मंगलवार की सुबह मंडल अध्यक्ष के साथ पुलिस द्वारा की गई मारपीट की सूचना मिलने पर जिलाध्यक्ष चौ. ऋषि पाल सिंह समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी कोतवाली पर पहुंच गए। जहां भाजपाइयों ने पुलिस का विरोध करते हुए कोतवाली का घेराव कर लिया और आरोपित पुलिसकर्मी व दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने लगे। काफी देर तक भाजपाइयों ने कोतवाली में डेरा डाले रखा।

पुलिस के खिलाफ तहरीर

भाजपाइयों के द्वारा घटना के संबंध में एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया व शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह को भी अवगत करा दिया गया। पीड़ित डिगंबर सिंह ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए स्पेक्टर अतरौली को तहरीर दे दी है। वहीं पुलिस की पिटाई से मंडल अध्यक्ष के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। जिससे भाजपाइयों में पुलिस के प्रति भारी रोष व्याप्त है।

नशे की पुष्‍टि

एसपी देहात शुभम पटेल का कहना कि अतरौली के गांव नगला हर्जी में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस पहुंची तो झगड़े के दौरान डिगंबर सिंह मौके पर ही मौजूद था। डिगंबर समेत पुलिस तीन लोगों को चौकी ले आई। तीनों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। वहीं मेडिकल में डिगंबर के नशे में होने की पुष्टि हुई है। उसके हाथ में भी चोट आई है, जो विवाद के दौरान हुई मारपीट में भी आ सकती है। लेकिन, अगर किसी पुलिसकर्मी ने उसे पीटा है तो उसकी जांच कराई जा रही है।

और नया पुराने
0 पाठक खबर पढ़ रहे

نموذج الاتصال