दौलत की चाह में अपने ही खून ने किया रिश्‍तों का कत्‍ल, जानिए पूरा मामला

डेस्क समाचार दर्पण लाइव

अलीगढ़ : पैसे की बढ़ती चाहत में रिश्ते भुलाए जा रहे हैं। अलीगढ़ में पुलिस के आंकड़े यही बता रहे हैं। पिछले आठ महीनों के दौरान जिले में 78 हत्या की वारदातें हुईं हैं। इनमें से 35 लोगों की हत्या के आरोपित उन्हीं के स्वजन हैं। हाल के दिनों में कई घटनाएं ऐसी हुईं जिसने लोगों को दहला दिया। हत्या की इन गुत्थियों को सुलझाने में पुलिस के भी पसीने छूट गए। मामलों का राज खुला तो चौंकाने वाले परिणाम सामने आए। कई मामलों में अपने ही गुनाहगार निकले। अपने ही खून ने रिश्तों का कत्ल कर दिया। इन घटनाओं में दौलत हथियाने की खातिर अपने ही अपनों का खून बहाने से पीछे नहीं रहे। ऐसी ही घटनाओं पर रिंकू शर्मा की रिपोर्ट...

केस 01

क्वार्सी क्षेत्र के सरोज नगर में 22 फरवरी को सराफा कारोबारी कुलदीप वर्मा की पत्नी कंचन वर्मा की हत्या कर दी गई। हत्यारा उनका ही बेटा योगेश वर्मा, उसकी पत्नी व दोस्त निकले। वे करीब एक करोड़ रुपये की नकदी व जेवरात लूटकर ले गए थे।

केस 02

पिसावा क्षेत्र के डेटा खुर्द में दिल्ली पुलिस में तैनात हवलदार अमरपाल सिंह की 22 मार्च को उनके सगे भाई-भतीजों ने जमीन के विवाद में हत्या कर दी।

केस 03

हरदुआगंज क्षेत्र के बरानदी में संपत्ति को लेकर दो भाइयों में विवाद चल रहा था। 24 मई को बड़े भाई ने छोटे भाई पवन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी।

केस 04

अतरौली के रायपुर मुजफ्ता में संपत्ति के बंटवारे को लेकर बेटे ने ही पिता की हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे ले जाकर फेंक दिया।

इनका कहना है

जिले में पिछले कई महीनों में लोगों की हत्या हुई। हत्यारे पकड़े भी गए। अधिकांश घटनाओं में हत्यारे उनके रिश्तेदार या करीबी ही निकले। संपत्ति का लोभ, अवैध संबंध, अंधविश्वास के चक्कर में लोगों ने रिश्तों का ही कत्ल कर दिया।

कलानिधि नैथानी, एसएसपी

किस थाना क्षेत्र में कितनी हत्याएं

थाना,  हत्या

अकराबाद :  02

अतरौली :  07

इगलास :  05

क्वार्सी :  09

कोतवाली नगर:  01

खैर :  05

गांधीपार्क :  03

गौंडा : 01

जवां :  03

टप्पल : 02

देहलीगेट :  05

दादों :  03

पालीमुकीमपुर :  02

पिसावा :  05

बन्नादेवी :  01

बरला :  03

रोरावर :  03

विजयगढ़ :  01

सासनीगेट :  04

सिविल लाइन :  02

हरदुआगंज :  11

और नया पुराने
0 पाठक खबर पढ़ रहे

نموذج الاتصال